बरेली होकर 25 और 26 मई को चलेगी अनारक्षित विशेष ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
बरेली : गंगा दशहरा के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने लखनऊ और हरिद्वार के बीच विशेष अनारक्षित ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह स्पेशल ट्रेन 25 और 26 मई को संचालित की जाएगी। ट्रेन बरेली होकर गुजरेगी, जिससे हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय रेलवे के मुरादाबाद मंडल की ओर से सोमवार को ट्रेन की समय सारिणी जारी कर दी गई। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
हरिद्वार से शाम को चलेगी स्पेशल ट्रेन
04302 हरिद्वार-लखनऊ गंगा दशहरा विशेष गाड़ी हरिद्वार से शाम 6.35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन लक्सर, नजीबाबाद, नगीना, धामपुर, स्योहारा, कांठ, मुरादाबाद और रामपुर होते हुए रात 12.06 बजे बरेली पहुंचेगी। इसके बाद शाहजहांपुर, हरदोई और बालामऊ होकर अगले दिन तड़के 3.30 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
लखनऊ से सुबह रवाना होगी ट्रेन
वहीं 04301 लखनऊ-हरिद्वार गंगा दशहरा विशेष गाड़ी सुबह 6.30 बजे लखनऊ से चलेगी। यह ट्रेन सुबह 9.22 बजे बरेली पहुंचेगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए शाम 4.16 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। श्रद्धालुओं को होगी बड़ी सुविधा गंगा दशहरा के दौरान हरिद्वार में स्नान और पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे की ओर से चलाई जा रही यह विशेष ट्रेन यात्रियों की भीड़ कम करने और सफर को सुगम बनाने में मददगार साबित होगी। खासतौर पर बरेली, शाहजहांपुर, रामपुर और मुरादाबाद क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
