21 मई को परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए चलेगी परीक्षा विशेष गाड़ी, कई ट्रेनों का समय भी बदला
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) ने उत्तर प्रदेश लेखपाल परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 21 मई को बरेली और मथुरा के बीच विशेष परीक्षा ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। रेलवे प्रशासन ने इसके साथ ही कई ट्रेनों को री-शेड्यूल और नियंत्रित करने का निर्णय भी लिया है, ताकि परीक्षार्थियों को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुबह 4 बजे बरेली से रवाना होगी स्पेशल ट्रेन
05309 बरेली जंक्शन-मथुरा जंक्शन परीक्षा विशेष गाड़ी 21 मई को सुबह 4:00 बजे बरेली जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन बदायूं, उझानी, सोरों शूकर क्षेत्र, कासगंज, सिकंदरा राव और हाथरस सिटी होते हुए सुबह 8:45 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन का प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रखा गया है, ताकि आसपास के जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों को सीधी सुविधा मिल सके।
दोपहर में मथुरा से बरेली लौटेगी ट्रेन
वापसी में 05310 मथुरा जंक्शन-बरेली जंक्शन परीक्षा विशेष गाड़ी दोपहर 1:10 बजे मथुरा से रवाना होगी। यह ट्रेन हाथरस सिटी, कासगंज, उझानी और बदायूं होते हुए शाम 5:50 बजे बरेली पहुंचेगी।
कई ट्रेनों का बदला समय
रेलवे प्रशासन ने परीक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया है। 55335 कासगंज-मथुरा सवारी गाड़ी अब कासगंज से 11:40 बजे के बजाय दोपहर 1:00 बजे चलेगी। 15037 कानपुर अनवरगंज -कासगंज एक्सप्रेस 65 मिनट री-शेड्यूल कर 12:45 बजे रवाना होगी। 55345 लखनऊ-कासगंज सवारी गाड़ी को रावतपुर से फर्रुखाबाद के बीच नियंत्रित किया गया है और यह फर्रुखाबाद से दोपहर 1:00 बजे चलेगी।
परीक्षार्थियों को राहत की उम्मीद
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि लेखपाल परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के यात्रा करने की संभावना है। ऐसे में विशेष ट्रेन और समय बदलाव से भीड़ नियंत्रित करने और यात्रियों को राहत देने में मदद मिलेगी।
