बरेली : यूपी के बरेली में प्रेम विवाह के छह माह बाद एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवती का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।मृतका के परिजनों ने पति पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। घटना बरेली शहर के कैंट थाना क्षेत्र के लाल फाटक चनेटी गांव से जुड़ी है। जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय कोमल ने करीब छह महीने पहले बिहार निवासी अमित से प्रेम विवाह किया था।
बरेली कॉलेज में हुई थी मुलाकात
दोनों की मुलाकात बरेली कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदली और बाद में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद कोमल और अमित सुभाषनगर क्षेत्र के शांति बिहार में किराए के मकान में रह रहे थे। मृतका के पिता प्रदीप मिश्रा का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही अमित ने दहेज की मांग को लेकर कोमल को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। परिवार का कहना है कि कोमल लगातार मानसिक तनाव में रह रही थी।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
कोमल का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। इस घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
आरोपी पति हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी
इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी पति अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या फिर युवती की हत्या कर उसे फंदे से लटकाया गया। साथ ही दहेज प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत
बताया जा रहा है कि कोमल और अमित ने परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा। अब युवती की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
