नई दिल्ली : ईरान में पिछले दो सप्ताह से अधिक समय से जारी हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के बीच भारत सरकार ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है। बदलती और संवेदनशील सुरक्षा स्थिति को देखते हुए सरकार ने भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय का कहना है कि उपलब्ध सभी परिवहन साधनों का उपयोग कर भारतीय नागरिक सुरक्षित रूप से देश से बाहर निकलें, जिनमें कमर्शियल उड़ानें भी शामिल हैं।
ईरान में विरोध प्रदर्शन पिछले महीने के आखिर में तब शुरू हुए थे, जब ईरानी मुद्रा रियाल रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई थी। शुरुआत में ये प्रदर्शन महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक बदहाली को लेकर हुए थे, लेकिन समय के साथ इनका स्वरूप बदलता गया। अब ये आंदोलन राजनीतिक बदलाव की मांग में तब्दील हो चुके हैं और देश के सभी 31 प्रांतों में फैल चुके हैं। कई इलाकों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, जिसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं।
विदेश मंत्रालय ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के व्यक्ति पूरी सतर्कता बरतें। उन्हें किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन, रैलियों या अशांत और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही स्थानीय हालात पर लगातार नजर रखने और ईरान स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में बने रहने को कहा गया है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारतीय नागरिक अपने यात्रा और इमिग्रेशन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज, जैसे पासपोर्ट, वीजा और पहचान पत्र, हर समय अपने पास रखें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। किसी भी आपात स्थिति में ये दस्तावेज बेहद जरूरी हो सकते हैं।
विदेश मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। किसी भी प्रकार की जानकारी या मदद के लिए तेहरान स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क करने की सलाह दी गई है। दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 5 जनवरी को भारत सरकार ने एक एडवाइजरी जारी कर भारतीय नागरिकों से ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने का आग्रह किया था। उस एडवाइजरी में भी ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों और पीआईओ को पूरी सावधानी बरतने और विरोध-प्रदर्शन वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई थी। मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार ने अब यह सलाह और सख्त कर दी है।
