संभल। मेरठ के सौरभ हत्याकांड जैसी दर्दनाक वारदात संभल जिले में सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने दो बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने कारोबारी पति की हत्या कर दी। हत्या की वारदात इतनी क्रूर और शातिर थी कि शव को काटकर नाले और गंगा में फेंक दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक राहुल, थाना रजपुरा के कस्बा गंवा का रहने वाला था और जूते का कारोबार करता था। उसकी शादी 15 साल पहले रूबी से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं 12 साल का बेटा और 10 साल की बेटी। 18 नवंबर 2025 की रात राहुल ने रूबी के अफेयर को पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
खौफनाक वारदात का तरीका
पुलिस के मुताबिक, पत्नी रूबी और उसके बॉयफ्रेंड गौरव ने पहले राहुल के सिर पर जूते में कील ठोकने वाले हथौड़े और लोहे की रॉड से वार किया। राहुल जैसे ही जमीन पर गिरा, उसका सिर कुचल दिया गया। इसके बाद शव को ग्राइंडर से कई टुकड़ों में काट दिया गया। मृतक का धड़ और कटे हुए हाथ को घर से 800 मीटर दूर नाले में फेंक दिया, जबकि सिर को रामघाट पर गंगा नदी में बहा दिया। कपड़े भी जलाए गए।
शव की पहचान और पुलिस जांच
27 दिन बाद, पुलिस को नाले किनारे पॉलिथीन में सड़ा-गला आधा शव मिला। पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतक के हाथ पर ‘राहुल’ नाम का टैटू देखा गया, जिससे उसकी पहचान हुई। पुलिस ने पत्नी रूबी से पूछताछ की तो शक हुआ। घर में छानबीन के दौरान लोहे की रॉड, तख्त और हीटर पर खून के सूखे धब्बे मिले। पड़ोसियों और बेटी की जानकारी से रूबी के अफेयर का पता चला।
फर्जी गुमशुदगी और गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि रूबी ने 24 नवंबर को पति की फर्जी गुमशुदगी दर्ज कराई थी ताकि अपनी साजिश छुपा सके। पुलिस ने रूबी और उसके बॉयफ्रेंड गौरव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों ने पूछताछ में हत्या की पूरी कहानी कबूल की। रूबी ने बताया कि राहुल ने अफेयर पकड़ने के बाद मारपीट और सार्वजनिक रूप से बेइज्जत करने की धमकी दी थी। वारदात चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर हुई थी। पुलिस ने शव के टुकड़ों और खून के नमूनों को फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि यह मामला सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों में खौफनाक उदाहरण बन गया है। परिवार और पड़ोसियों के बयान, फोरेंसिक सबूत और आरोपी का कबूलनामे के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
