प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना कनिहार वार्ड के चमनगंज इलाके की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
पत्नी की लोहे की प्रेस से हत्या, आरोपी ने खुद दी सूचना
आरोप है कि पति हेमंत कुमार वर्मा ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी स्वीटा (40) के सिर पर लोहे की प्रेस से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद आरोपी पूरी रात शव के पास ही रहा और अगले दिन सुबह खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर हत्या की जानकारी दी और खुद को गिरफ्तार करने की बात कही।
तीन साल की बेटी के साथ शव के पास बैठा मिला आरोपी
सुबह करीब 10 बजे जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी अपनी तीन साल की बेटी के साथ शव के पास बैठा मिला। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
तीन दशक से रह रहा था परिवार, दुकान चलाता था आरोपी
मूल रूप से फतेहपुर का रहने वाला 42 वर्षीय हेमंत वर्मा पिछले करीब 30 साल से चमनगंज इलाके में रह रहा था। वह आवास विकास कॉलोनी के पास बैग रिपेयरिंग की दुकान चलाता था और अपनी मां के साथ काम करता था।
शादी के बाद से ही शुरू हो गए थे विवाद
हेमंत का विवाह 12 नवंबर 2021 को पंजाब के गुरदासपुर की रहने वाली स्वीटा से हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई थी। लगातार झगड़ों के कारण परिवार के अन्य सदस्य भी उनसे अलग रहने लगे थे।
देर रात हुआ विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि वह हिंसक रूप ले बैठा। गुस्से में आकर हेमंत ने लोहे की प्रेस से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
धर्म परिवर्तन और शादी की पृष्ठभूमि भी आई सामने
जांच में यह भी सामने आया कि हेमंत कुष्ठ रोग से ग्रसित था, जिसके चलते उसका विवाह नहीं हो पा रहा था। इसी कारण उसने वर्ष 2020 के आसपास धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म अपना लिया और बाद में मेट्रोमोनियल साइट के जरिए स्वीटा से विवाह किया था।
पुलिस जांच जारी, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद झूंसी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसओ झूंसी ने बताया कि महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे की प्रेस को भी बरामद कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
