बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव बंजरिया में गुरुवार को भूमि पैमाइश के दौरान एक किसान की संदिग्ध मौत ने हड़कंप मचा दिया। मृतक की बेटी ने इंस्पेक्टर क्राइम के पैरों पर सिर रखकर न्याय की गुहार लगाई और पूरे मामले में गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। इस मामले में इंस्पेक्टर फरीदपुर, सीओ, एसपी साउथ से मामले की जानकारी करने की कोशिश की गई। मगर, फोन न उठने के कारण पुलिस का पक्ष नहीं मिल सका।
जानें पूरा मामला
बरेली देहात के बंजरिया गांव निवासी पप्पू (40 वर्ष) अपने खेत की मेड़ के पास बने मकान में परिवार के साथ रहते थे। आरोप है कि ग्राम प्रधान की साजिश में राजस्व टीम ने उनके खेत में चकमार्ग की पैमाइश शुरू की। इसमें उनकी धान की खड़ी फसल भी थी। इसी दौरान किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और प्रशासन पर गंभीर सवाल
पैमाइश के तुरंत बाद राजस्व टीम और पुलिस वहां से चली गई। जिससे गुस्साए परिजन किसान का शव ट्रॉली में डालकर थाने पहुंच गए। आरोप है कि मृतक की बेटी ने इंस्पेक्टर क्राइम के पैरों पर सिर रखकर रोते हुए कहा “मेरे सामने पापा को मार डाला… मुझे इंसाफ चाहिए।”
गांव में तनाव, जांच शुरू
फरीदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा होगा।
