लखनऊ/बरेली : समाजवादी पार्टी के नए स्लोगन “प्रबल इंजन, सपा का विजन” पर सियासत अब गरमाती जा रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के जन्मदिन पर जारी हुए इस नए नारे के बाद, विपक्षी दलों ने इसे निशाने पर ले लिया है। इसी कड़ी में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसा है। बरेली सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री संजय निषाद ने कहा “अगर सपा का इंजन सही होता, तो लोग उसमें से क्यों उतरते? इंजन खराब है तभी नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ रहे हैं।”
सीएम योगी के हलाल वाले बयान का किया समर्थन
सीएम योगी आदित्यनाथ के हालिया “हलाल” बयान का समर्थन करते हुए संजय निषाद ने कहा “देश संविधान से चलता है, शरियत से नहीं।”उन्होंने कहा कि कुछ दल धार्मिक भावनाओं को भड़काकर राजनीति करना चाहते हैं, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सिर्फ पोस्टर और नारे की राजनीति कर रही है, जबकि जनता अब विकास और स्थिर शासन चाहती है। निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज कायम है और अब तक कोई बड़ा दंगा नहीं हुआ, जो सरकार की सफलता का सबूत है।
“एनडीए ही देश को आगे ले जाने वाला असली इंजन”
मंत्री संजय निषाद ने कहा कि एनडीए सरकार ही देश को सही दिशा में ले जा रही है। “एनडीए ही देश को आगे ले जाने वाला असली इंजन है, बाकी सब दिखावा है।”उन्होंने दावा किया कि बिहार में भी एनडीए की सरकार बनेगी, और वहां विकास का इंजन पटरी पर दौड़ेगा।
