पिथौरागढ़ : भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां बरात से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में 13 बरातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
यह हादसा गुरुवार देर रात उस समय हुआ, जब बैतडी जिले के पुरचुंणी नगरपालिका-7 स्थित भवने गांव से बरात दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। बताया गया है कि बस पुरचुंणी के बड़गांव मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता और प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार, रात के अंधेरे में नेपाल एपीएफ, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया।
इस हादसे में छह बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में और दो ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में 13 वर्षीय मासूम अशोक राज जोशी भी शामिल है, जिसकी मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान बजांग और बैतडी जिलों के रहने वाले केशव राज जोशी, बसंत राज जोशी, बिष्णु दत्त जोशी, नरेश राज जोशी, दीपक जोशी, किशन जोशी, मोहन देव भट्ट, केशव भट्ट, बसंत राज रतला, पुष्पा अवस्थी और सुशील जोशी सहित अन्य के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और पहाड़ी मोड़ पर नियंत्रण खोना मानी जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया है।
