मुरादाबाद। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना मुरादाबाद जनपद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मनकरा मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि कार रामपुर की ओर से आ रही थी। इसी दौरान सामने चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग कार के अंदर ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल मूंढापांडे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद कार सवार पांच युवकों में से चार को मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे में जिन चार लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान नैनीताल जिले के निवासी के रूप में हुई है। मृतकों में दयाल रावत, निवासी वीमिला कंपाउंड पालीवाल नैनीताल, अनिल नेगी (38), सुंदर सैनी (42) और भुवन भंडारी (37) निवासी हल्द्वानी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग किसी काम से कार से यात्रा कर रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में कार चला रहे यशदीप पांडे निवासी हल्द्वानी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ है। कार सीधे आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी, जिससे यह भीषण दुर्घटना हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।
