उन्नाव : लखनऊ–आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात भीषण सड़क हादसों ने यात्रियों को दहला दिया। सिरधरपुर और देवखरी गांव के पास मथुरा व आगरा डिपो की दो रोडवेज बसें एक ही खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ीं। इन हादसों में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दोनों बसों में सवार कुल 31 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 226 के पास सिरधरपुर गांव के सामने हुआ। रविवार रात करीब 12 बजे एक ट्रक सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान आगरा फोर्ट डिपो की रोडवेज बस पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांच एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
पुलिस ने मौके पर हाइड्रा मशीन बुलवाकर क्षतिग्रस्त बस को हटवाया। इसके बाद रात करीब ढाई बजे जब क्षतिग्रस्त ट्रक को प्रीतमपुरा चौकी ले जाया जा रहा था, तभी आगरा डिपो की ही एक दूसरी रोडवेज बस उसी ट्रक में पीछे से टकरा गई। इस दूसरे हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 17 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम फिर से घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत बांगरमऊ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक दोनों हादसों की शुरुआती वजह चालक को झपकी आना मानी जा रही है। अंधेरी रात और तेज रफ्तार के कारण चालक समय रहते खड़े ट्रक को नहीं देख पाए, जिससे यह दर्दनाक हादसे हुए। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है, इसलिए तीनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और दोनों बसें पीछे से उसमें टकराईं। उन्होंने कहा कि हादसों में कुल 31 यात्री घायल हुए हैं और तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक समेत अन्य जिम्मेदारों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
