बरेली : यूपी के बरेली एयरपोर्ट पर बड़ा मामला सामने आया है। यहां उत्तराखंड के एक युवक ने सुरक्षा जांच के दौरान हवाई जहाज में पत्थर ले जाने की जिद पर हंगामा कर दिया। इंडिगो की मुंबई फ्लाइट में सफर करने आए युवक ने सुरक्षा कर्मियों की रोक का विरोध कर एयरपोर्ट स्टाफ से अभद्रता की और सुरक्षा अधिकारी को जान से मारने की धमकी तक दे डाली। मामले में युवक के खिलाफ इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज हो गया है।
जानें क्या है पूरा मामला?
सुरक्षा प्रभारी राजीव राठी की ओर से दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड के भवाली जंगलिया निवासी राहिल प्रभाकर मंगलवार शाम बरेली एयरपोर्ट पहुंचे। उन्हें इंडिगो की मुंबई जाने वाली फ्लाइट 6E से सफर करना था। जैसे ही सुरक्षा जांच हुई, तो अधिकारियों को राहिल के बैग में एक पत्थर का टुकड़ा मिला। फ्लाइट में पत्थर ले जाना सख़्त मना होने के कारण सुरक्षा कर्मियों ने इसे हटाने के लिए कहा।
पत्थर ले जाने से मना करने पर युवक का हंगामा
अधिकारियों के इनकार करते ही राहिल भड़क गया, और एयरपोर्ट पर जोर-जोर से हंगामा करने लगा। राजीव राठी मौके पर पहुंचे और नियमानुसार पत्थर को चेक-इन बैग में रखने की सलाह दी, लेकिन इस पर राहिल और उग्र हो गया। रिपोर्ट के अनुसार युवक ने सुरक्षा प्रभारी को जान से मारने की धमकी दी, गाली -गलौज की और काफी देर तक दूसरों को परेशान करता रहा। हंगामा इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद यात्री भयभीत होकर सहम गए।
फ्लाइट से उतारा गया युवक
हंगामा बढ़ने के बाद इंडिगो एयरलाइन को जानकारी दी गई।सुरक्षा कारणों से राहिल को फ्लाइट से उतार दिया गया, और उसकी यात्रा रद्द कर दी गई। इसके बाद सुरक्षा टीम ने पूरी घटना की सूचना पुलिस को दी। शहर की इज्जतनगर थाना पुलिस ने राहिल प्रभाकर के खिलाफ धमकी देना, एयरपोर्ट सुरक्षा में बाधा डालना, अभद्र व्यवहार के आरोपों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट सुरक्षा ने भी मामले को गंभीर मानते हुए रिपोर्ट आगे बढ़ा दी है।
