बरेली : यूपी के बरेली में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान को तेज़ी और पारदर्शिता के साथ कराने के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह खुद मैदान में उतरे। उन्होंने 124-बरेली शहर विधानसभा के कई बूथों,प्राथमिक विद्यालय बालजती प्रथम नगर, जीके सिटी मोंटेसरी स्कूल और सीबी गंज इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया।
मतदाता सूची का 100% सत्यापन सुनिश्चित करें-DM का निर्देश
निरीक्षण के दौरान DM ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे मतदाता सूची के शत-प्रतिशत सत्यापन, त्रुटि सुधार और डिजिटलीकरण की प्रगति को बारीकी से परखा। उन्होंने कहा कि SIR कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता किसी भी कीमत पर कम नहीं होनी चाहिए।

नाम काटने का पूरा कारण दर्ज करना अनिवार्य
डीएम ने साफ निर्देश दिए कि जिन व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, उसका स्पष्ट कारण रजिस्टर में दर्ज किया जाए। इसमें मृत्यु, अन्यत्र शिफ्ट होना या कोई अन्य मान्य कारण, लापरवाही पर कार्रवाई तय रहेगी। बीएलओ को तीन बार घर जाकर सत्यापन करने का आदेश दिया। DM ने कहा कि अनुपस्थित मतदाताओं के घर बीएलओ कम से कम तीन बार अवश्य जाएं। पहली बार न मिलने पर दोबारा पहुंचकर फॉर्म दें। तीसरी बार भी न मिलने पर घर पर नोटिस चस्पा किया जाए। आसपास के लोगों को बुलाकर अवगत कराया जाए। पूरी प्रक्रिया की फोटो/वीडियो रिकॉर्डिंग कर सुरक्षित रखी जाए। यह प्रक्रिया मतदाता सूची की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करेगी

स्थानीय जनप्रतिनिधियों व विभागों का सहयोग लेने पर जोर
पुनरीक्षण कार्य में आसानी के लिए DM ने निर्देश दिया कि बीएलओ पार्षदों, कोटेदारों, सिविल डिफेंस कर्मियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लें, ताकि किसी भी क्षेत्र में सत्यापन का कार्य बाधित न हो।
मतदाता जागरूकता पर विशेष ध्यान
कटरा चांद खां स्थित बालजती विद्यालय में आयोजित विशेष मतदाता शिविर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने ERO और बीएलओ की कार्यशैली की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “इस अभियान को जन-आंदोलन की तरह चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अपने विवरणों का सत्यापन कर सकें और मतदाता सूची को मजबूत बनाया जा सके।”निरीक्षण के दौरान निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े अधिकारी और बीएलओ मौजूद रहे।
