सहारनपुर : सहारनपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। सरसावा थाना क्षेत्र में एक संग्रह अमीन ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। सोमवार रात उसने पहले अपनी मां, पत्नी और दो मासूम बेटों की हत्या की और फिर खुद को गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मरने से पहले उसने अपनी दो बहनों को व्हाट्सएप पर ऑडियो मैसेज भेजकर अपनी “मजबूरी” का जिक्र किया, लेकिन उस मजबूरी का राज अब भी रहस्य बना हुआ है।
घटना सरसावा के कौशिक विहार कॉलोनी की है। मृतक संग्रह अमीन अशोक ने मंगलवार तड़के करीब 3 बजकर 52 मिनट पर अपनी बहनों पिंकेश और मोना को छह से सात ऑडियो मैसेज भेजे। इनमें से एक 1 मिनट 18 सेकंड के ऑडियो में वह बार-बार माफी मांगते हुए कहता है कि उसने बहुत बड़ी गलती कर दी है। उसने कहा कि उसके सामने इतनी बड़ी समस्या थी कि वह किसी को बता नहीं सका और इसी मजबूरी में उसने पूरे परिवार को साथ लेकर मरने का फैसला किया।

ऑडियो मैसेज में अशोक ने बहनों से अपने जाने के बाद रक्षाबंधन, भैयादूज और अन्य रस्में धूमधाम से निभाने की बात कही और यह भी कहा कि उसके बाद उसकी सारी जिम्मेदारियां बहनें संभालें। उसने किसी को दोषी न ठहराने की अपील करते हुए सभी से माफी मांगी। मंगलवार सुबह जब बहन पिंकेश ने ये मैसेज देखे, तो उसने तुरंत अपने बेटे को भेजा, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर मां, पत्नी और दो बेटों के शव मिले, जबकि अशोक ने खुद को गोली मार ली थी। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से गांव खारीबांस और कौशिक विहार कॉलोनी में मातम पसर गया। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
रोते-बिलखते हुए बहनें पिंकेश और मोना बार-बार यही सवाल करती रहीं कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी, जो भाई ने कभी बताई नहीं। पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार में हाल के दिनों में किसी तरह के विवाद या तनाव के संकेत नहीं दिखे थे, जिससे यह घटना और भी रहस्यमय बन गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और ऑडियो मैसेज को अहम साक्ष्य माना जा रहा है। फिलहाल हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर वह कौन-सा दबाव था, जिसने एक पढ़े-लिखे व्यक्ति को इतना भयावह फैसला लेने पर मजबूर कर दिया।
