आगरा : आगरा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने जगन्नाथ पुरी से दर्शन कर लौट रही सवारियों से भरे दो ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा खंदौली थाना क्षेत्र के जलेसर रोड पर सुबह करीब 11 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो उछलकर सड़क किनारे करीब 10 फीट दूर पेड़ से टकरा गए और फिर गड्ढे में जाकर पलट गए। ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, एक ऑटो तो दो हिस्सों में बंट गया और उसकी छत तक उड़ गई। कई यात्रियों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि दोनों ऑटो में सवार सभी लोग थाना सहपऊ क्षेत्र के भादऊ गांव के रहने वाले थे। ये लोग 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए गए थे और शनिवार को जबलपुर होते हुए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से गांव जाने के लिए दो ऑटो बुक किए गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक नशे की हालत में था और करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लहराते हुए जलेसर रोड की ओर आ रहा था। पहले उसने एक ऑटो को टक्कर मारी और उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया, फिर दूसरे ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
एडीसीपी आदित्य कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। वहीं एडिशनल सीपी राम बदन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान आमने-सामने टक्कर की बात सामने आई है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है।
