गाजियाबाद। हापुड़ रोड पर सोमवार तड़के एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है। घटना सिहानी गेट थाना क्षेत्र के सामने हुई। हादसे के समय कार में बेटा प्रिंस ड्राइव कर रहा था और उनके पिता राकेश शर्मा आगे की सीट पर बैठे थे। पुलिस के मुताबिक, कार का नंबर UP14 FC9453 है।
करीब 3.15 बजे हुए इस हादसे में कार 30 फीट नीचे गिर गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रेलवे के नीचे PWD ऑफिस का कैंपस होने के कारण कोई राहगीर घायल नहीं हुआ। स्थानीय पुलिस और यूपी-112 की टीम मौके पर तुरंत पहुंची। दोनों घायलों को यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां राकेश शर्मा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रिंस का इलाज जारी है।
ACP सिहानी गेट उपासना पांडेय ने बताया कि रात में लंबी ड्राइव के दौरान नींद आने से हादसा हुआ हो सकता है। फ्लाईओवर से कार गिरने की स्थिति और टूटी रेलिंग से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कार तेज रफ्तार में थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
