लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में मंगलवार आधी रात के बाद एक भयावह सड़क हादसा हुआ। शादी समारोह से लौट रही ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर शारदा सायफन में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार छह लोगों में से पाँच की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पढुआ थाना क्षेत्र के गिरजापुरी बैराज से पहले यह हादसा सोमवार देर रात लगभग 12 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार कार में सवार लोग बहराइच जनपद की तरफ लौट रहे थे। चालक के नींद की झपकी आने के कारण वाहन नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सायफन में गिर गई। पढुआ थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि कार में सवार मृतक हैं—जितेंद्र, पुत्र विपिन बिहारी, निवासी घाघरा बैराज, घनश्याम, पुत्र बल्लू, निवासी घाघरा बैराज, लालजी, पुत्र मेवा लाल, निवासी सीशियन पुरवा, अजीमुल्ला, पुत्र अज्ञात, निवासी गिरजापुरी, सुरेंद्र, पुत्र विशुसोखा, निवासी रामवृक्ष पुरवा थाना सुजौली, बहराइच चालक बबलू, पुत्र राजेश, निवासी गिरजापुरी थाना सुजौली, गंभीर स्थिति में पुलिस ने बचा लिया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए लखीमपुर भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह दुर्घटना चालक की नींद आने के कारण वाहन के अनियंत्रित होने से हुई प्रतीत होती है, लेकिन दुर्घटना के पीछे की सभी वजहों की गहन जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
