बरेली/लखनऊ: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जेद्दा जा रही सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट (SV 891) शुक्रवार दोपहर अचानक मार्ग से लौट आई। विमान के केबिन प्रेशर सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण 30,000 फीट की ऊँचाई पर यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद पायलट ने विमान की आपात लैंडिंग कराई। विमान में कुल 285 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बताए गए हैं।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, SV 891 फ्लाइट दोपहर 12:05 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जेद्दा के लिए रवाना हुई। विमान को उड़ान भरते केवल 20 मिनट ही हुए थे कि केबिन प्रेशर सिस्टम में खराबी आने के कारण यात्रियों को दम घुटने का अहसास होने लगा। पायलट ने तुरंत नजदीकी मुंबई एयरपोर्ट से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी, लेकिन अनुमति न मिलने पर उन्होंने लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया।
लखनऊ एयरपोर्ट से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मिलने के बाद विमान दोपहर 1:45 बजे सुरक्षित उतारा गया। एयरपोर्ट की टीम और तकनीकी इंजीनियर्स ने तुरंत विमान का निरीक्षण शुरू कर दिया। विमान के केबिन प्रेशर सिस्टम की समस्या दूर करने के लिए विशेषज्ञों की टीम लगाई गई है। जानकारी के अनुसार, केबिन प्रेशर सिस्टम विमान में हवा के दबाव और ऑक्सीजन स्तर को नियंत्रित करता है, ताकि 30,000 से 40,000 फीट की ऊँचाई पर भी यात्री आराम से सांस ले सकें। जब इस सिस्टम में खराबी आती है, तो यात्रियों को सांस लेने में कठिनाई और दम घुटने जैसा महसूस होता है, जिससे यह तकनीकी समस्या गंभीर स्थिति उत्पन्न कर सकती है। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद सभी यात्रियों को एयरपोर्ट पर मेडिकल जांच कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि विमान की जांच के बाद ही इसे पुनः उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी। इस घटना ने यात्रियों के बीच चिंता बढ़ा दी है, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।
