नेता प्रतिपक्ष बोले – 18 महीनों में 18 पत्र, फिर भी चुप क्यों है चुनाव आयोग,’हाइड्रोजन बम’ अभी बाकी है, EC क्यों छिपा रहा है OTP ट्रेल्स और IP एड्रेस?
नई दिल्ली/लखनऊ : लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ‘वोट चोरों’ और लोकतंत्र को बर्बाद करने वालों को बचा रहा है। कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा “यह भारत के युवाओं को दिखाने का एक और मील का पत्थर है कि चुनावों में कैसे धांधली की जा रही है। ये खुलासे अभी ‘हाइड्रोजन बम’ नहीं हैं, बल्कि असली बम जल्द आएगा।”
कर्नाटक CID की जांच और चुनाव आयोग की चुप्पी

राहुल गांधी ने 2023 में कर्नाटक के अलंद विधानसभा क्षेत्र से मतदाता सूची में धांधली की कोशिशों का उदाहरण दिया। उनके अनुसार, वहां किसी ने 6,018 वोट हटाने की कोशिश की और संयोगवश पकड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ एक उदाहरण है और पूरे देश में कांग्रेस समर्थकों के वोट व्यवस्थित तरीके से हटाए जा रहे हैं। राहुल ने बताया कि कर्नाटक CID ने 18 महीनों में 18 पत्र चुनाव आयोग को भेजे। इनमें मांगा गया कि डेस्टिनेशन IP एड्रेस, डिवाइस डेस्टिनेशन पोर्ट, OTP ट्रेल्स, लेकिन चुनाव आयोग ने इनमें से कोई भी जानकारी नहीं दी।
CEC ज्ञानेश कुमार पर सीधा आरोप

राहुल गांधी ने कहा “मैं हल्के में नहीं कह रहा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार वोट चोरों और लोकतंत्र के हत्यारों को बचा रहे हैं। चुनाव आयोग जानता है कि यह ऑपरेशन कौन चला रहा है, लेकिन फिर भी जानकारी छिपाई जा रही है।”
लोकतंत्र पर बताया खतरा

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि यह सिर्फ कर्नाटक तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे भारत में लाखों मतदाताओं के नाम हटाने का ऑपरेशन चल रहा है। उन्होंने कहा मैं विपक्ष का नेता हूं और ऐसा कुछ नहीं कहूंगा जिसके 100% सबूत न हों। भारत के युवाओं को समझना चाहिए कि उनका भविष्य इस खेल में दांव पर है।
