अनुमति शर्तों के उल्लंघन पर पुलिस बड़ा एक्शन, अंजुमन लश्करे अब्बास के अध्यक्ष समेत 54 पर केस FIR दर्ज होने के बाद बढ़ी हलचल
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में जुलूस-ए-मोहम्मदी के समापन के बाद पुराना शहर में एक ही समुदाय के दो पक्षों में अचानक तनाव हो गया। जिसके चलते पुलिस 12 दिन बाद इस मामले में बड़ी कार्रवाई की है। अन्जुमन लश्करे अब्बास के अध्यक्ष फैसल समेत 54 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। जिसके चलते पुराना शहर में काफी हलचल बढ़ गई है।
जानें पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस का समापन रात करीब साढ़े दस बजे हुआ था। इसी दौरान अन्जुमन लश्करे अब्बास के लोग तेज आवाज में डीजे बजाते हुए निकल पड़े, जबकि अनुमति शर्तों के अनुसार, जुलूस में डीजे का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित था। इस पर आयोजन समिति अन्जुमन इत्तेहादुल मुस्लिमीन के पदाधिकारी और सचिव मोहम्मद अंजुम ने आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि तेज आवाज से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घबरा गए और अफरातफरी मच गई। जब आयोजकों ने समझाने की कोशिश की तो विवाद और बढ़ गया।
मारपीट और धमकी का आरोप
पीड़ित पक्ष का कहना है कि लश्करे अब्बास के अध्यक्ष फैसल, कैफ अली सावरी, फैजान, मुशाहिद गद्दी समेत करीब 50 लोग लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने गाली -गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। इसी दौरान मोहम्मद शोएब ने पुलिस को फोन करने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने उसका मोबाइल छीनकर फेंक दिया, जो अब तक बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई
बारादरी पुलिस ने मोहम्मद अंजुम की शिकायत पर आरोपी फसल, सैफ अली साबरी, फैजान, मुशाहिद गद्दी समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध संख्या 1100/25 के तहत धारा 191(2), 126 (2),115 (2), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आयोजन समिति का कहना है कि आरोपित लगातार धमकियां दे रहे हैं और कभी भी गंभीर घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
