भोजीपुरा टोल प्लाजा के पास हादसा, मृतकों में टेंपो चालक और बिहार से लौट रहा युवक शामिल
बरेली : यूपी के बरेली देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को गमगीन कर दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि टेंपो में सवार युवक भूरे शाह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जाता है कि उदयपुर बन्नू जान निवासी 24 वर्षीय भूरे शाह बिहार में प्राइवेट नौकरी करता था। बुधवार को वह काम से लौटकर ट्रेन द्वारा बरेली जंक्शन पहुंचा और वहां से टेंपो में बैठकर भोजीपुरा के लिए रवाना हुआ।
भीषण हादसे में मौके पर ही एक की मौत
टेंपो टोल प्लाजा के पास पहुंचा ही था। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो चालक जुल्फिकार की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल भूरे शाह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। भूरे शाह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक की मां फातिमा बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है। भूरे शाह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था और घर का मुख्य सहारा था। वह बिहार में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश में छानबीन की जा रही है। स्थानीय लोगों ने हादसों को रोकने के लिए टोल प्लाजा के पास यातायात नियंत्रण कड़ा करने की मांग की है। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
