उत्तर प्रदेश में सर्दी ने इस सीजन का सबसे कड़ा प्रहार किया है। प्रदेश में पहली बार न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। बीते 24 घंटे में सुल्तानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद बाराबंकी में 4.8 डिग्री, अयोध्या में 5 डिग्री, बरेली में 5.1 डिग्री और शाहजहांपुर में 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रविवार सुबह प्रदेश के 28 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। ज्यादातर शहरों में सुबह धूप नहीं निकली और सर्द पछुआ हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश की तरह गिरती नजर आईं, वहीं कई स्थानों पर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
ठंड की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार को प्रदेश के 17 जिलों में तापमान शिमला से भी नीचे दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री और नैनीताल में 9 डिग्री सेल्सियस रहा। जालौन जिले में शीतलहर को देखते हुए गौशालाओं में हीटर लगवाए गए हैं और अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है।
मौसम विभाग ने लखनऊ, सीतापुर समेत पूरे अवध क्षेत्र के लिए अगले दो दिनों तक भीषण ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। अधिकतर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। कोहरे का असर यातायात पर भी साफ नजर आ रहा है। लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, बरेली समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 70 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं। एयरपोर्ट पर भी कई फ्लाइट्स लेट हैं।
ठंड के चलते पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के 11 शहरों में स्कूल बंद हैं, जबकि लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। सरकार भी अलर्ट मोड में है और लोगों से अपील की गई है कि बेवजह घर से बाहर न निकलें। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच सीमित कर दी गई है।
लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आज से प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इसके असर से दिन के तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है और कोहरा कुछ हद तक कम हो सकता है। हालांकि, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर समेत कई जिलों में बहुत घने कोहरे की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 22 दिसंबर को पूर्वी यूपी में घना कोहरा छाया रहेगा, 23 दिसंबर को पश्चिमी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट है, जबकि 24 दिसंबर से मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की उम्मीद जताई गई है।
