दिल्ली : देश के 13 राज्यों में सोमवार सुबह घना कोहरा लोगों के लिए आफत बनकर सामने आया। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली समेत कई राज्यों में विजिबिलिटी लगभग जीरो दर्ज की गई। सुबह 8:30 बजे तक हालात ऐसे थे कि सड़कों पर 10 मीटर दूर तक भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। कोहरे के चलते यूपी और हरियाणा में बड़े पैमाने पर सड़क हादसे हुए, जिनमें 12 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में अनवरपुर के पास करीब छह वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें कई लोग घायल हो गए। राज्य के अलग-अलग जिलों में रविवार को कोहरे की वजह से छह सड़क हादसे हुए, जिनमें 22 गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। इन हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं हरियाणा के सात जिलों में 14 स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 58 वाहन आपस में टकरा गए। इन हादसों में 11वीं कक्षा की छात्रा समेत चार लोगों की जान चली गई। हालात को देखते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों पर अवैध पार्किंग पर सख्त रोक लगा दी है।
उधर जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में रविवार रात हुई बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। पुलवामा में न्यूनतम तापमान माइनस 2.7 डिग्री सेल्सियस और श्रीनगर में 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता भी बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 497 तक पहुंच गया, जिसे देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट ने सभी राज्यों को स्कूलों और संस्थानों में बाहरी खेल गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के आदेश दिए हैं। वहीं उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी न होने से चिंता बढ़ गई है। केदारनाथ से लेकर तुंगनाथ तक पिछले एक महीने से बर्फ नहीं गिरी है, जिससे नमी की कमी और दुर्लभ वनस्पतियों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने 18 और 19 दिसंबर को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी की संभावना जताई है।
