बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली और संवेदनशील घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत बकैनिया के मोहल्ला नई बस्ती रेशम बाग में देर रात घर के अंदर माता -पिता के बीच सो रहा 10 माह का मासूम रहस्यमय तरीके से चोरी हो गया। सुबह नींद खुलने पर बच्चे के गायब होने का पता चला। जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
घर के अंदर से मासूम गायब, परिवार सदमे में
नई बस्ती रेशम बाग निवासी रूपराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह प्लाइवुड फैक्टरी में मजदूरी करते हैं। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं।शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। सबसे छोटा बेटा कुश (10 माह) माता-पिता के बीच सो रहा था। रात करीब 11 बजे तक परिवार के लोग आपस में बातचीत करते रहे। सुबह करीब चार बजे जब माता-पिता की आंख खुली तो कुश बिस्तर पर नहीं था। पहले घर के अंदर तलाश की गई, फिर मोहल्ले में खोजबीन शुरू हुई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
घंटों तलाश के बाद पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट
काफी देर तक तलाश के बाद जब मासूम का पता नहीं चला, तो परिजन तहरीर लेकर फरीदपुर थाने पहुंचे। परिजनों ने बच्चा चोर गिरोह की आशंका जताई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की 5 टीमें तैनात, CCTV और मोबाइल लोकेशन खंगाली
इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर फरीदपुर राधेश्याम ने The Justice HINDI को बताया कि बच्चे की तलाश के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें अलग-अलग इलाकों में जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबरों और लोकेशन को भी ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मासूम का सुराग मिल जाएगा।
इलाके में दहशत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और लोग पुलिस से जल्द से जल्द बच्चे को सकुशल बरामद करने की मांग कर रहे हैं।
