गोरखपुर : रविवार शाम गोरखनाथ ओवरब्रिज के नीचे रेलवे क्रॉसिंग पर दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक महिला और दो बच्चियां ट्रेन की चपेट में आ गईं। घटना में महिला और 8 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:30 बजे हुमायुपुर, उत्तरी यादव टोला निवासी सावित्री यादव (32) अपने पड़ोस की दो बच्चियों, कनक यादव (8) और मिट्ठी (7) के साथ घूमने निकली थी। गोरखनाथ ओवरब्रिज के नीचे तीन रेलवे पटरी हैं। इसी दौरान एक पटरी पर मालगाड़ी गुजर रही थी और हॉर्न बजा। उन्हें लगा कि हॉर्न मालगाड़ी का है, इसी बीच मोरध्वज एक्सप्रेस (14691 जम्मूतवी) उनकी ओर बढ़ रही थी।
तीनों ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद वे पटरी किनारे तड़पते रहे। स्थानीय लोग और परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को पहले प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने सावित्री यादव और कनक यादव को मृत घोषित कर दिया। दूसरी बच्ची मिट्ठी की हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद आसपास चीख-पुकार मच गई और पुलिस सहित जीआरपी और कोतवाली गोरखनाथ की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि रेल सुरक्षा के नियमों का पालन न करने और रेलवे क्रॉसिंग पर सतर्क न रहने के कारण यह दुखद हादसा हुआ। मामले की जांच जारी है और रेलवे एवं पुलिस की ओर से हादसे की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
