गेहूं के समर्थन मूल्य में भी बढ़ोतरी
नई दिल्ली/लखनऊ : त्योहारों से पहले केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 फीसद बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि यह वृद्धि 49.2 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.7 लाख पेंशनभोगियों को लाभ पहुंचाएगी। इसके साथ ही डीए/डीआर की दर 55% से बढ़कर 58% हो गई है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू होगी, और जुलाई, अगस्त व सितंबर का बकाया दिवाली से पहले अक्टूबर वेतन के साथ जारी किया जाएगा।
कर्मचारियों को यह मिलेगी फायदा
30,000 मूल वेतन वाले कर्मचारी को हर महीने 900 रूपये अतिरिक्त मिलेंगे। 40,000 मूल वेतन वाले कर्मचारी को हर महीने 1,200 रूपये अतिरिक्त, और तीन महीनों का बकाया 2,700 से 3,600 तक पहुंचेगा। सरकार ने बताया कि डीए और डीआर में वृद्धि के कारण राजकोष पर 10,083.96 करोड़ रुपये प्रति वर्ष का अतिरिक्त बोझ आएगा। यह निर्णय सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित फार्मूले के अनुसार लिया गया है।
एमएसपी में भी बढ़ोतरी
केंद्र सरकार ने बुधवार को किसानों और रिसर्च सेक्टर के लिए कई अहम फैसले लिए। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि रबी सीजन 2026-27 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 160 प्रति क्विंटल बढ़ाकर 2,585 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार रबी सीजन 2026-27 के दौरान 297 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद का अनुमान लगा रही है। इस खरीद पर प्रस्तावित एमएसपी के आधार पर किसानों को कुल 84,263 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।
बायोमेडिकल रिसर्च प्रोग्राम को मंजूरी
किसानों के हित में लिए गए फैसले के साथ ही कैबिनेट ने ‘बायोमेडिकल रिसर्च करियर प्रोग्राम (फेज-3)’ को भी मंजूरी दी है। इस योजना पर ₹1,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मेडिकल और वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देना। इससे बायोमेडिकल सेक्टर में रिसर्च करियर को नई दिशा मिलेगी।
त्योहारों पर बड़ा तोहफा
केंद्र सरकार का यह फैसला दशहरा और दिवाली जैसे त्योहारों से ठीक पहले आया है। इससे केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत मिलेगी और त्योहारी सीजन की रौनक भी बढ़ेगी।
