परीक्षा देने जा रहे अनुज की गर्दन पर किए गए कई वार, मौके पर ही मौत, आरोपी फरार, परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
लखनऊ/ जौनपुर : यूपी के जौनपुर जिले में बुधवार को सरेआम छात्र की हत्या से सनसनी फैल गई। डी-फार्मा की परीक्षा देने घर से निकले 21 वर्षीय अनुज यादव को बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर घेर लिया और गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हमलावर तब तक वार करते रहे, जब तक युवक की सांसें थम नहीं गईं। यह दिल दहला देने वाली वारदात सिकरारा थाना क्षेत्र के कुरनी पंचायत भवन के पास हाईवे पर हुई। दो दिन पहले जौनपुर में ट्रिपल मर्डर का मामला शांत नहीं हुआ है। मगर,अब स्टूडेंट के मर्डर से हड़कंप मच गया है।
घर से परीक्षा देने निकला था छात्र, लौटा शव बनकर

पुलिस के मुताबिक मृतक छात्र की पहचान अनुज यादव (21 वर्ष), निवासी जमालपुर (छितरा), मछलीशहर के रूप में हुई है। वह प्रसाद इंस्टीट्यूट, जौनपुर में डी-फार्मा की परीक्षा देने जा रहा था। बुधवार सुबह वह बाइक से घर से निकला था, लेकिन कुरनी गांव के समीप उसकी हत्या कर दी गई।
हमले का खौफनाक मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब अनुज कुरनी पंचायत भवन के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया। जान बचाने के लिए वह गिट्टी बनाने वाली एक निजी कंपनी की तरफ बाइक मोड़कर भागा, लेकिन हमलावर उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गए और गर्दन पर चाकू से कई वार कर दिए। अनुज की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए।
परिजनों में मचा कोहराम, पिता और भाई मुंबई में
अनुज के पिता भोला यादव और बड़ा भाई अरुण यादव दोनों मुंबई में काम करते हैं। अरुण यादव मंगलवार को ही मुंबई रवाना हुए थे। घर पर मां गीता देवी ही मौजूद थीं, जो बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गईं। ग्राम प्रधान की मदद से मां थाने पहुंचीं और विधिक कार्यवाही में लगी हैं।
‘आशनाई’ और पुरानी रंजिश की जांच
पुलिस को जांच में प्रेम संबंध और पुरानी रंजिश की आशंका नजर आ रही है। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने मृतक के गांव जाकर परिजनों से पूछताछ की है। पुलिस ने आरोपी के परिजनों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
सीओ सदर और कई थानों की फोर्स मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर हत्याकांड की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।
दिनदहाड़े हत्या से दहशत का माहौल
सुबह-सुबह हाईवे पर हुई इस निर्मम हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर इतनी बेरहमी से छात्र की हत्या परीक्षा जाते वक्त हो सकती है, तो कोई भी सुरक्षित नहीं है। राहगीरों और व्यापारियों में भय व्याप्त है।
![]()
