नई दिल्ली: देशभर में संविधान दिवस 2025 बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन सबसे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया। इसके बाद उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संविधान के महत्व पर जोर दिया।
मुख्य समारोह सेंट्रल हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें डिजिटल मोड के माध्यम से कई योजनाओं और पहलों का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का पाठ और इसके महत्व पर चर्चा की गई। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ने का नेतृत्व किया। साथ ही, यादगार पुस्तिका ‘भारत के संविधान में कला और कैलिग्राफी’ का भी विमोचन किया गया।
देशभर में, सभी केंद्रीय मंत्रालय और विभाग, उनके अधीनस्थ कार्यालय, राज्य और केंद्र शासित प्रदेश सरकारें, तथा स्थानीय निकाय संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। आम नागरिक भी इस राष्ट्रीय उत्सव में कई माध्यमों से भाग ले रहे हैं। ऑनलाइन माध्यमों के जरिए कार्यक्रम में भागीदारी के विकल्प भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसके तहत नागरिक Mygov.in और Constitution75.com पर संविधान की प्रस्तावना का ऑनलाइन वाचन कर सकते हैं। इसके अलावा प्रमाणपत्र सृजन और सोशल मीडिया पर साझा करने में भागीदारी भी शामिल है।
संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। इनमें ‘हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान’ राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज, ब्लॉग और निबंध प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अलावा सम्मेलन, सेमिनार, वाद-विवाद, लघु फिल्में, प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पोस्टर/पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। ये गतिविधियां पंचायत से संसद स्तर तक देशभर में आयोजित की जा रही हैं।
