एनडीएमसी ने सुरक्षा कारणों से लिया एहतियाती फैसला, दिल्ली पुलिस ने एनएसए को लेकर फैल रही अफवाहों का किया खंडन
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कनॉट प्लेस स्थित सभी दुकानें, कार्यालय और रेस्तरां गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। एनडीएमसी ने प्रतिष्ठान मालिकों और कब्जाधारकों से आदेश का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
एनडीएमसी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ओर से टेलीफोन के माध्यम से निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों के अनुसार, कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना, संपत्ति के नुकसान या लोगों की सुरक्षा से जुड़ी समस्या से बचा जा सके।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को शाम 6:30 बजे तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं और इलाके में भारी सुरक्षा बल तथा एंबुलेंस तैनात हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ फिर से सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत अधिकारों के नियमित त्रैमासिक नवीनीकरण को सीजेपी के विरोध-प्रदर्शनों से जोड़कर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। पुलिस ने कहा कि यह प्रक्रिया पहले से निर्धारित प्रशासनिक कार्यवाही का हिस्सा थी और इसका मौजूदा प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट या भ्रामक जानकारियों को साझा करने से बचें। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करने की भी अपील की है।