बरेली: एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता के मामलों पर बड़ी कार्रवाई कर सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें छह पुलिसकर्मियों पर छुट्टी खत्म होने के बाद बिना अनुमति लगातार ड्यूटी से गायब रहने का आरोप है, जबकि एक पुलिसकर्मी पर बिना अनुमति पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और यूपी पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने का आरोप है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
छुट्टी के बाद ड्यूटी पर नहीं लौटे, तो कार्रवाई
एसएसपी की कार्रवाई में थाना क्योलड़िया में तैनात रिक्रूट आरक्षी पीयूष मोहन को सात दिन की छुट्टी खत्म होने के बाद 3 जुलाई 2026 से ड्यूटी पर वापस नहीं आने के कारण निलंबित किया गया। थाना मीरगंज के रिक्रूट आरक्षी अनिल कुमार भी पांच दिन की छुट्टी के बाद 14 जुलाई से बिना अनुमति गैरहाजिर रहे, जिस पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई हुई। यूपी-112 परियोजना में तैनात सगुन कुमार 20 जून से, थाना इज्जतनगर के विवेक धामा 1 जुलाई से और रिजर्व पुलिस लाइन के सौरभ कुमार 13 जुलाई से बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहे। वहीं रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कुक विक्की कश्यप पर ड्यूटी के लिए बुलाने के बावजूद आने से इनकार करने और बाद में लगातार गैरहाजिर रहने का आरोप है। इन सभी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पॉडकास्ट बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, पुलिसकर्मी निलंबित
रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी अजय कुमार पर आरोप है कि उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बिना पॉडकास्ट और इंटरव्यू रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। यह उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के नियमों के खिलाफ माना गया। इस मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
एसएसपी बोले, अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
एसएसपी अनुराग आर्य की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है। उन्होंने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहने या विभागीय नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी सात कर्मियों को निलंबित कर उनके मामलों की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
