569 करोड़ की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, ढाई हजार विस्थापित परिवारों को मिले भूमि अधिकार पत्र, सपा-कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
पीलीभीत : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत के बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर गांव में 569.11 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने करीब ढाई हजार विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार पत्र भी वितरित किए। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस केवल तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं, जबकि भाजपा सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है।
‘साइकिल चली तो दंगे होंगे, अब “न दंगा, न कर्फ्यू… सब चंगा”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में “नो दंगा, नो कर्फ्यू, सब चंगा” का माहौल है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “यूपी की जनता ने साइकिल पंचर कर दी। अगर साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे और कर्फ्यू लगेगा।”
विस्थापित परिवारों को मिला बड़ा तोहफा
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीलीभीत के लगभग 2,500 विस्थापित परिवारों यानी करीब 15 हजार लोगों को नागरिकता और भूमि अधिकार का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे करीब 55 हजार परिवारों को चरणबद्ध तरीके से अधिकार दिलाने का अभियान चल रहा है, जिसकी शुरुआत पीलीभीत से की गई है।
’12 बजे उठने वालों को गरीबों का दर्द नहीं दिखता’
बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी के नेता पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग दोपहर 12 बजे उठते हैं और शाम को जिम चले जाते हैं, उन्हें गरीबों की पीड़ा समझ में नहीं आती। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों की चिंता की है।
सैफई बनाम पीलीभीत का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने केवल एक परिवार और एक क्षेत्र के विकास पर ध्यान दिया। अगर पूरे प्रदेश के विकास पर काम किया गया होता तो पीलीभीत में पहले ही मेडिकल कॉलेज, बेहतर सड़कें और अन्य सुविधाएं विकसित हो चुकी होतीं।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मजबूत सड़कें, एक्सप्रेसवे, रेलवे और हवाई संपर्क किसी भी राज्य की प्रगति की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-शामली आर्थिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी और पीलीभीत को भी बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व से बढ़ेगा पर्यटन और रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व आज जिले की नई पहचान बन चुका है। सरकार पर्यटन सुविधाओं का विस्तार कर रही है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और जिले को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
सपा-कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने वर्षों तक केवल तुष्टिकरण की राजनीति की। उन्होंने कहा कि विभाजन के बाद प्रताड़ित हिंदू, सिख, जैन और अन्य समुदायों की चिंता इन दलों ने कभी नहीं की, जबकि भाजपा सरकार ने नागरिकता और भूमि अधिकार देकर उन्हें सम्मानजनक जीवन देने का कार्य किया।
गुंडा-माफिया पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडों और माफियाओं का आतंक था। भाजपा सरकार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कानून का राज स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आज व्यापारी, महिलाएं, किसान और आम नागरिक खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
