लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती बड़े ही उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम की शुरुआत GPO पार्क से केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक होने वाली दौड़ को हरी झंडी दिखाकर की।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राएं, NCC कैडेट्स और ट्रेनी पुलिसकर्मी शामिल हुए। मंच पर पहुंचने के बाद सीएम योगी ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में मंत्री सुरेश खन्ना की देर से आने पर चुटकी लेते हुए मुस्कुराकर पूछा, “क्यों देर हो गई?”
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा, “ब्रिटिश हुकूमत की साजिश थी कि भारत को कई टुकड़ों में बांटा जाए, लेकिन सरदार पटेल ने अपनी कूटनीति और दृढ़ निश्चय से 563 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी। जब हैदराबाद और जूनागढ़ भारत में विलय से हिचक रहे थे, तब पटेल ने उन्हें समझाकर देश में शामिल किया। केवल जम्मू-कश्मीर का मामला नेहरू के पास था, जिसे विवादित बना दिया गया।”
वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “सरदार पटेल ने देश की एकता के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया। आज भी देश विरोधी ताकतें भारत को बांटने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन ‘रन फॉर यूनिटी’ देशवासियों को एकता के सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रही है।”
प्रदेशभर में कार्यक्रम का जोश देखने लायक रहा। काशी और बरेली में पुलिसकर्मियों ने हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ लगाई, जबकि गोंडा में भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने स्कूलों के सामने ‘वंदे मातरम्’ गाया।
प्रयागराज की कमिश्नर सौम्या अग्रवाल बारिश में भीगते हुए पैदल मार्च में शामिल हुईं, जिससे कार्यक्रम में एकता और समर्पण का संदेश गूंज उठा।
