मलबे का सैलाब, सड़कें बंद, कई घर बर्बाद, रेस्क्यू जारी
चमोली (उत्तराखंड)/लखनऊ : उत्तराखंड के चमोली जिले में देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। थराली तहसील के टूनरी गदेरा में बादल फटने से आसपास के कई इलाकों में मलबा घुस गया। थराली बाजार, कोटदीप और तहसील परिसर में भारी नुकसान हुआ है। सूत्रों के अनुसार, मलबे में एक 20 वर्षीय युवती समेत दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। सागवाड़ा गांव में कई दुकानों और घरों के बहने की खबर है। थराली तहसील परिसर में खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गई हैं। एसडीएम आवास भी मलबे की चपेट में आया। हालांकि, एसडीएम और उनका परिवार समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। थराली -सागवाड़ा और थराली-ग्वालदम मार्ग मलबा आने से बंद हो गए हैं।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम गौचर से मौके पर रवाना हो गई। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। भारी बारिश के चलते थराली, देवाल और नारायणबगड़ ब्लॉक के सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित किया गया है।
