तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी पर 89 केस, आंध्र के CM चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ की संपत्ति के साथ सबसे अमीर
लखनऊ : चुनाव अधिकार संस्था एडीआर (Association for Democratic Reforms) की ताज़ा रिपोर्ट ने देश के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति, और आपराधिक मामलों से जुड़े चौंकाने वाले आंकड़े जारी किए हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 30 मुख्यमंत्रियों में से 40% ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। इनमें से तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सबसे आगे हैं। उनके खिलाफ 89 आपराधिक मामले दर्ज हैं, तो वहीं तमिलनाडु के सीएम एम.के. स्टालिन के खिलाफ 47 केस हैं। मगर, एडीआर की यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है, जब सरकार ने तीन अहम विधेयक पेश किए हैं। इसमें यह प्रावधान है कि गंभीर आपराधिक आरोपों में 30 दिनों से अधिक समय तक गिरफ्तार रहने वाले प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री को उनके पद से हटाया जा सकेगा।
सीएम रेवंत रेड्डी पर सबसे अधिक मुकदमें
एडीआर (एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स) की हालिया रिपोर्ट में सामने आया है कि 89 केस के साथ रेवंत रेड्डी टॉप पर हैं। तमिलनाडु के CM एम.के. स्टालिन के खिलाफ 47 केस दर्ज हैं। आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू पर 19 केस, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया पर 13 केस,झारखंड के सीएन हेमंत सोरेन पर 5 केस, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस पर 4 केस, हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पर 4 केस, केरल के सीएम पिनराई विजयन पर 2 केस, और पंजाब के सीएम भगवंत मान पर 1 केस दर्ज है।
33 फीसद सीएम पर गंभीर मामले
एडीआर की रिपोर्ट बताती है कि 33% मुख्यमंत्रियों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। इसमें हत्या के प्रयास, अपहरण,रिश्वतखोरी और आपराधिक धमकी जैसी धाराएं शामिल हैं। हालांकि, कई सीएम ने अपने ऊपर दर्ज मुकदमें वापस ले लिए हैं।
चंद्रबाबू नायडू देश के सबसे अमीर सीएम
ADR रिपोर्ट के मुताबिक आंध्र प्रदेश के CM चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति के साथ देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं, अरुणाचल प्रदेश के CM प्रेमा खांडू 332 करोड़ की संपत्ति के साथ दूसरे नंबर पर हैं। कर्नाटक के CM सिद्धारमैया 51 करोड़ की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। मगर, सबसे कम संपत्ति में पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी हैं। उनके पास सिर्फ 15 लाख रुपये की संपत्ति है, और वह देश की सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री हैं। ADR के मुताबिक, 30 मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 1,632 करोड़ रुपये है। इनमें से 2 CM अरबपति हैं, जबकि मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 54.42 करोड़ रुपये है।
