“तुम्हारे संबंध थे, तुम ही खत्म करो”, पति की रजामंदी से प्रेमी की हत्या
गाजियाबाद/लखनऊ: यूपी के गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने पूर्व प्रेमी की हत्या कर दी। मामला तब खुला जब हामिद अली ने अपने पिता अब्दुल वाहिद के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद में बुलंदशहर के जंगल में उसका शव बरामद हुआ। घटना की जांच में पुलिस ने अमित चौधरी और उसकी पत्नी प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की पूरी साजिश कबूल की।
ऐसे रची गई हत्या की साजिश
आरोपी महिला प्रियंका ने पुलिस को बताया कि उसके अब्दुल वाहिद से पहले से संबंध थे। यह बात जब पति को पता चली, तो उसने साफ कहा “अब वो दोबारा न दिखे, कुछ ऐसा करो!”24 जून को अब्दुल प्रियंका से मिलने उसके घर आया। इसके बाद प्रियंका ने अपने पति अमित को फोन करके बुला लिया। कहासुनी के बाद अमित ने कहा “मार डालो इसे”। इसके बाद प्रियंका ने कमरे में रखी लोहे की पाइप से अब्दुल के सिर पर वार किया। अब्दुल की मौके पर ही मौत हो गई।
लाश को ठिकाने लगाने की प्लानिंग
आरोपी अमित टैक्सी चालक है। उन्होंने शव को चादर में लपेटा। मृतक की मोपेड को पास की झाड़ियों में छिपाया। शव को गाड़ी में रखकर रात में जहांगीराबाद के जंगलों में फेंका गया। अब्दुल का फोन रास्ते में चलते वाहन से सिकंदराबाद के पास फेंका गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी कुछ समय तक अनूपशहर में छिपते रहे, लेकिन जब लगा कि पुलिस ने पीछा छोड़ दिया है, तो वे बापूधाम वापस आ गए। यहां पुलिस ने दोनों को धर दबोचा।
जानें क्या बोले अधिकारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप, मृतक का मोबाइल फोन और अन्य सबूत बरामद किए गए हैं। बाकी जांच जारी है और अन्य संभावित साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा रहा है।
