“जंगल से निकलकर हम इंसान बने, अब इंसान ही जंगल के दुश्मन बन गए हैं” : अखिलेश यादव
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार (आज) लखीमपुर के एक बहादुर मजदूर मिही लाल गौतम को पार्टी कार्यालय, लखनऊ बुलाकर सम्मानित किया। मिही लाल ने 24 जून 2025 को तेंदुए के हमले से अपनी जान बचाने के लिए बहादुरी से मुकाबला किया था। घटना उस समय हुई, जब मिही लाल ग्राम सभा बबुरी भट्ठे पर काम कर रहे थे और अचानक एक छुपा हुआ तेंदुआ उन पर झपट पड़ा। उन्होंने साहस दिखाते हुए डटकर उसका मुकाबला किया। इस वीरता को देखते हुए श्री यादव ने उन्हें 2 लाख की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा और राज्य सरकार से भी मिही लाल को मदद देने की मांग की।
मिही लाल का परिवार भी हुआ सम्मानित

सम्मान समारोह में मिही लाल के साथ उनकी पत्नी पुष्पा देवी, बेटा संजय कुमार और भांजा राजेश कुमार भी मौजूद रहे। यह परिवार ग्राम गिरधारी पुरवा जुगनूपुर, विधानसभा धौरहरा का निवासी है।
वन्यजीव और पर्यावरण संकट पर समाजवादी नेता की चिंता

इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति कोई गंभीर सोच नहीं है। उन्होंने कहा कि जंगल खत्म हो रहे हैं। जिससे वन्यजीव घरों, तहसीलों और अस्पतालों तक पहुंच रहे हैं। “हम इंसान जंगल से निकले हैं, लेकिन अब इंसान ही जंगल का सबसे बड़ा खतरा बन गया है।”उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं के हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके साथ ही बंदरों के उत्पात, सांपों का अस्पतालों में पहुंचना और कुत्ता काटने की दवाइयों की अनुपलब्धता जैसी समस्याएं आम हो गई हैं।
अतिक्रमण और सरकारी उदासीनता पर साधा निशाना
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हुए हैं और आम जनता को रिहायशी इलाकों में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इटावा लॉयन सफारी, जनेश्वर मिश्र पार्क, लोहिया पार्क और साइकिल ट्रैकों जैसी समाजवादी सरकार की पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इन्हें खत्म करने की साजिश रची है।
कृषि, मौसम और पर्यावरण के खतरों पर भी बोले अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ऋतुचक्र के बदलाव, असमय वर्षा, बादल फटना, और फसल बर्बाद होने जैसे मुद्दों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण अब केवल एक नारा नहीं, बल्कि किसान की आजीविका से जुड़ा मुद्दा है।”
वीरता पुरस्कारों पर भाजपा की चुप्पी
उन्होंने याद दिलाया कि समाजवादी सरकार ने वीरता को सम्मान देने के लिए लक्ष्मीबाई पुरस्कार की शुरुआत की थी, जिसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। इस मौके पर सांसद आनंद भदौरिया, जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह, पूर्व प्रत्याशी वरुण चौधरी, विधानसभाध्यक्ष विकास यादव,उत्तम वर्मा, उमेश गिरि, शेखू मिर्जा और वीरेन्द्र कुमार उपस्थित रहे।
