बिजनौर/लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह की माता भाग्यवती देवी का शनिवार रात लगभग 8:20 बजे निधन हो गया। वह 95 वर्ष की थीं। उन्होंने ग्राम हुरनगला, जनपद बिजनौर स्थित पैतृक निवास पर अंतिम सांस ली। निधन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, संघ स्वयंसेवकों, स्थानीय लोगों और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार की साधारणता और बेटे की असाधारण जीवन यात्रा
धर्मपाल सिंह, जिन्होंने संघ से जुड़कर राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1986 में ABVP से की थी, आज उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में संगठन मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। लेकिन उनका पारिवारिक जीवन गांव में सादगी से जीने वाला है। धर्मपाल सिंह वर्षों से संघ-भाजपा में पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय हैं। जब भी गांव आते हैं, तो एक छोटे कमरे में ही ठहरते हैं, और निजी जीवन से अधिक संगठन को प्राथमिकता देते हैं।
शुभचिंतकों व कार्यकर्ताओं में ग़म
उनके निधन की खबर से भाजपा और संघ परिवार में गहरी संवेदना है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने धर्मपाल सिंह और उनके परिवार को शोक संवेदना संदेश भेजे हैं।
