पोस्ट-रिजल्ट एक्टिविटी पोर्टल को लेकर बोर्ड ने बदली तारीख, छात्रों को मिली नई जानकारी
दिल्ली : सीबीएसई बोर्ड ने कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए री-इवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिकाओं के वेरिफिकेशन को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। बोर्ड के मुताबिक पोस्ट-रिजल्ट एक्टिविटीज पोर्टल अब 1 जून 2026 से शुरू किया जाएगा। इसी पोर्टल के जरिए छात्र अपनी कॉपियों के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
पहले 29 मई से शुरू होने की थी उम्मीद
इससे पहले उम्मीद जताई गई थी कि आवेदन प्रक्रिया 29 मई यानी शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। हालांकि अब सीबीएसई ने साफ कर दिया है कि प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी तथा तकनीकी रूप से सुचारु बनाने के लिए पोर्टल की शुरुआत 1 जून से की जा रही है।
बोर्ड ने बताई देरी की वजह
सीबीएसई ने कहा कि यह फैसला छात्रों को बेहतर और बिना किसी तकनीकी परेशानी वाली सुविधा देने के उद्देश्य से लिया गया है। बोर्ड चाहता है कि मूल्यांकन प्रक्रिया में सभी जरूरी प्रोटोकॉल और उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
छात्र यहां कर सकते हैं संपर्क
अगर किसी छात्र को री-इवैल्यूएशन या वेरिफिकेशन प्रक्रिया को लेकर कोई समस्या या सवाल हो, तो वे सीबीएसई की टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन 1800 11 8004 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र resultcbse2026@cbseshiksha.in ईमेल आईडी पर भी अपनी शिकायत या सवाल भेज सकते हैं।
जानें कितना देना होगा शुल्क, अंक बढ़ने पर वापस होगा शुल्क
सीबीएसई द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, स्कैन कॉपी प्राप्त करने और मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए छात्रों को प्रति विषय 100 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं री-इवैल्यूएशन के लिए 25 रुपये प्रति प्रश्न के हिसाब से फीस तय की गई है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर री-इवैल्यूएशन के बाद किसी छात्र के अंक बढ़ते हैं, तो उससे लिया गया शुल्क वापस कर दिया जाएगा। इससे छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।
