पीलीभीत। उत्तराखंड के नानकमत्ता समेत अन्य धार्मिक स्थलों से दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं की बस बुधवार तड़के अनियंत्रित होकर पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में बरेली-हरिद्वार हाईवे पर पलट गई। हादसे में बस में सवार 18 वर्षीय दुर्गा (बरेली निवासी) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना के अनुसार, हादसा बरेली-हरिद्वार हाईवे पर गांव निसरा और सरदार नगर के बीच लगभग 3:20 बजे हुआ। श्रद्धालुओं को ले जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ तुरंत मौके पर जुट गई। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस तुरंत पहुंची और बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
बस में लगभग 60 श्रद्धालु सवार थे। मृतक दुर्गा मढ़ीनाथ चौपला निवासी थी। इसके अलावा बरेली के थाना सुभाषनगर क्षेत्र के सोहनलाल, रमेश, अर्जुन, मनोज, प्रीति, वरुण, गीता, अनीता, विशाल, दिनेश, जमुना, ऋतिक समेत 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों को जहानाबाद सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। सीएचसी के डॉक्टर सौरभ ने बताया कि युवती की मौत हो गई, जबकि घायलों में सात की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया। इसके बाद सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
हादसे के कारण बरेली-हरिद्वार हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोनों ओर एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक वाहन खड़े रहे। जहानाबाद और अमरिया थाना पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर आवागमन बहाल कराया।
