गांव के ओवरहेड टैंक की रखवाली करने गए थे भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र गुप्ता, हत्या के पीछे कारण अब भी रहस्य
बदायूं : यूपी के बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के गांव विजयनगला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंडल उपाध्यक्ष और किसान नेता सुरेश चंद्र गुप्ता (62 वर्ष) की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के सिर को ईंट से कुचल दिया गया, जबकि शरीर पर धारदार हथियार से वार किए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
हत्या की रात, बेटे की गैरमौजूदगी में पहुंचे थे टैंक की रखवाली करने
मृतक सुरेश गुप्ता के बेटे राहुल गांव के ओवरहेड टैंक पर चौकीदार हैं। मंगलवार रात वह किसी रिश्तेदारी में चला गया था, और अपने पिता से कहा कि वे टैंक की निगरानी कर लें। रात 9 बजे खाना खाने के बाद सुरेश गुप्ता ओवरहेड टैंक परिसर में सोने चले गए। बुधवार सुबह करीब 7 बजे गांव वालों ने परिसर के गेट के पास रक्तरंजित शव देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। घटनास्थल से खून से सनी ईंटें और धारदार हथियार के निशान मिले हैं।
जांच में जुटी पुलिस व फॉरेंसिक टीम
क्षेत्राधिकारी नगर, रजनीश कुमार उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि प्रथम दृश्य में मृत्यु का कारण सिर पर आई चोटें हैं। मौके पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौजूद है। शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। मामले की जांच के लिए टीमों का गठन कर कार्रवाई की जा रही है।
