शराब पार्टी के बाद हत्या! लखनऊ के मडवाना गांव में ट्रैक्टर चालक की गर्दन पर किए गए कई वार, पत्नी ने जताई थी अनहोनी की आशंका
लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के मडवाना गांव में मंगलवार आधी रात ट्रैक्टर चालक राजू गौतम (50 वर्ष) की बेरहमी से हत्या की बात सामने आई है। वह रात में बरामदे में सो रहे थे, जब उनकी गर्दन पर कई बार हमला कर उनकी जान ले ली गई। सुबह तक उनकी गर्दन से खून रिसता रहा। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं।
हत्या की रात दोस्तों से झगड़ा, पत्नी को था अनहोनी का डर
पत्नी ममता के अनुसार, राजू मंगलवार शाम को गांव के बहादुर, अमित और अशोक के साथ शराब पीने गए थे। वहां किसी बात पर गाली-गलौज हुई थी। राजू घर आकर यह बात बताकर चिंता में थे। ममता को अनहोनी की आशंका थी। इसलिए वो देर रात तक जागती रही, लेकिन फिर सो गई। सुबह खून से लथपथ शव बरामदे में मिला।
सुबह तक बहता रहा खून, गांव में पसरा सन्नाटा
सुबह गांव का ही व्यक्ति बहादुर जब शौच के लिए निकला, तो उसने शव देखा। राजू की गर्दन से खून बह रहा था। इस दौरान घर के सभी लोग सो रहे थे। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने मीडिया को बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बेटी की शादी बाकी, मजदूरी कर चला रहे थे घर
परिजनों के अनुसार, जमीन पहले ही दबंगों ने हड़प ली थी। अब राजू और उनका बेटा ट्रैक्टर चलाकर और मजदूरी करके परिवार चला रहे थे। उनकी दो बेटियों की शादी बाकी थी। परिवार इस समय गहरे सदमे में है। मर्डर स्पॉट से मिले संकेत में गर्दन पर गहरे वार के निशान, शव बरामदे की फर्श पर खून से लथपथ मिला है। शराब पीने के दौरान कहासुनी की बात सामने आई है। जिसके चलते शक के घेरे में तीन दोस्त आए हैं।
