बरेली : यूपी के बरेली में फर्जी BSNL अधिकारी बनकर टावर लगवाने का झांसा देने वाले एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। शहर की बारादरी कोतवाली थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के 6 शातिर ठगों को दबोचा गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। ये आरोपी अब तक सैकड़ों लोगों को करोड़ों की चपत लगा चुके हैं। गिरोह बरेली के राजेंद्र नगर में एक किराए के कमरे से ठगी का नेटवर्क चला रहा था। आरोपी फर्जी दस्तावेज, लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल, स्कैनर और अलग-अलग सिम कार्ड के जरिए लोगों को BSNL की नकली स्कीम भेजते थे और रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1 से 1.5 लाख रुपये वसूलते थे।
ऐसे हुआ खुलासा
देखें वीडियो
https://youtu.be/xsQC1gnVXRc?si=uzYpOBhuNeR3U-Vh
एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा को सूचना मिली थी कि गिरोह जल्द फरार होने की फिराक में है। SSP अनुराग आर्य के निर्देश पर बनी टीम ने बीसलपुर चौराहे से छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें मोहम्मद इरफान (बीसलपुर, पीलीभीत), रजित उर्फ रजत (कटरा, शाहजहांपुर), वाजिद (मजगई, लखीमपुर खीरी), फईम (खुदागंज, शाहजहांपुर), आसिक अली (मजगई, लखीमपुर खीरी) और शाकिर अली (मजगई, लखीमपुर खीरी) को गिरफ्तार किया है। इसमें आरोपी तहसीन (देवरास, शाहजहांपुर) फ़रार है। उसकी तलाश जारी है।
आरोपी बोले, “ठगी से ही चलता है घर”
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी अधिकारी बनकर सर्वे के बहाने लोगों को झांसे में लेते थे और कागजी खानापूर्ति कर रुपये ऐंठ लेते थे। आरोपियों से लैपटॉप, मोबाइल, स्कैनर, टैबलेट, फर्जी दस्तावेज, एक कार और दो बाइक बरामद हुई हैं।
यह थे कार्रवाई टीम में शामिल
इस कार्रवाई के दौरान टीम में इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा, सत्येंद्र मोतला, सनी चौधरी, जावेद अख्तर समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
