छत्तीसगढ़ : रायगढ़ जिले में गुरुवार सुबह एक औद्योगिक हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बानीपाथर गांव में स्थित मंगल कार्बन प्लांट में टायर गलाने के दौरान अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची समेत कुल आठ मजदूर झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगल कार्बन प्लांट में मजदूर टायर गलाने से जुड़े कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान टायर गलाने वाले ब्लाडर को खोला जा रहा था, तभी अचानक अंदर बने अत्यधिक प्रेशर के कारण दो नट अपने आप खुल गए और तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में घायल होने वालों में डेढ़ साल की मासूम भूमि खडिया, इंद्रजीत, प्रिया सारथी, साहेबराम खडिया, कौशल कुमार, शिव खडिया, उदासीन खडिया और इंद्रवद शामिल हैं। अचानक हुए इस हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और कर्मचारियों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। घायलों की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी को एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मासूम बच्ची की हालत को लेकर डॉक्टरों ने गंभीर चिंता जताई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनिल कुमार जगत ने बताया कि खरसिया क्षेत्र के चोढ़ा के पास स्थित फैक्ट्री में ब्लास्ट और आग लगने की घटना में कई लोग झुलस गए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया था, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया जा रहा है।
घटना के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला तकनीकी लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
