भाजपा ने 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी बदले, राम माधव, सुनील बंसल और स्मृति ईरानी को भी अहम जिम्मेदारी
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नई सूची में उत्तर प्रदेश के लिए विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ चार नेताओं को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को मिली जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में भाजपा ने विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी बनाया गया है। भाजपा की ओर से जारी सूची में उत्तर प्रदेश उन राज्यों में शामिल है, जहां प्रभारी के साथ चार सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। नई टीम के जरिए प्रदेश संगठन से जुड़े कामकाज और चुनावी तैयारियों को गति देने की कोशिश मानी जा रही है।
राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की कमान
राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। उत्तराखंड में उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं तमिलनाडु में राम माधव के साथ निर्मल कुमार सुराना और डॉ. के. अरुणा सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगी।
सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का प्रभार
भाजपा ने सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल दोनों राज्यों का प्रभारी बनाया है। तेलंगाना में उनके साथ अभय पाटिल और रेखा शर्मा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पश्चिम बंगाल में लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा को सह-प्रभारी बनाया गया है। इस तरह सुनील बंसल के पास दो महत्वपूर्ण राज्यों के संगठन की जिम्मेदारी रहेगी।
स्मृति ईरानी को दो राज्यों की जिम्मेदारी
स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि हरियाणा में डॉ. भोला सिंह सह-प्रभारी होंगे। पार्टी ने कई अन्य राज्यों में भी प्रभारी के साथ एक से ज्यादा सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है।
गुजरात, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में भी बदलाव
गुजरात की जिम्मेदारी तरुण चुग को दी गई है। उनके साथ अजय महावर और गोमती साई को सह-प्रभारी बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर में डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी और रीना कश्यप को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पंजाब में भी डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर सह-प्रभारी होंगे।
महाराष्ट्र में अमित मालवीय की संगठन में एंट्री
मध्य प्रदेश में बिप्लब कुमार देब को प्रभारी और रेखा वर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है। महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावड़े और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान में संजय भाटिया को प्रभारी बनाया गया है, जबकि कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी होंगे।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी नई नियुक्तियां
असम में मंगल पांडे को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ फांगनोन कोन्याक और मनोज तिग्गा सह-प्रभारी होंगे। अरुणाचल प्रदेश में डॉ. देवेश कुमार को प्रभारी बनाया गया है। मेघालय में कनाड पुरकायस्थ प्रभारी और डॉ. नुमल मोमिन सह-प्रभारी होंगे। मणिपुर में डॉ. राजदीप राय, मिजोरम में डॉ. भगवत कराड और नगालैंड में अनिल एंटनी को प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं त्रिपुरा में मृगांक देव बर्मन को संगठन का प्रभार सौंपा गया है।
कई राज्यों में बदला संगठन का ढांचा
भाजपा की नई नियुक्तियों में कई राज्यों के लिए प्रभारी के साथ दो या उससे अधिक सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। पार्टी के इस संगठनात्मक फेरबदल को आगामी चुनावों और राज्यों में संगठन को मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। नई टीम अब प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी तैयारियों और पार्टी के विस्तार से जुड़े कामकाज को आगे बढ़ाएगी।
