पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन ने बड़ा ऐलान कर दिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया गया है। यह घोषणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने पटना में हुई महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की।
अशोक गहलोत ने कहा कि हमारा नेता तेजस्वी यादव हैं। अगर हमारी सरकार बनी तो उपमुख्यमंत्री मुकेश सहनी होंगे। साथ ही अन्य उपमुख्यमंत्री भी बनाए जाएंगे जो पिछड़े वर्गों से होंगे। उन्होंने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए बताए कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन है। सिर्फ यह कहने से कि चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, बात नहीं बनेगी।
तेजस्वी यादव ने ऐलान के बाद कहा कि मुझ पर जो भरोसा जताया गया है, उसके लिए सभी दलों और बिहार की जनता का आभारी हूं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का। बिहार के युवाओं को रोजगार, शिक्षा और विकास का अधिकार दिलाना ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बदलाव बनाम ठहराव का है और जनता अब बदलाव चाहती है।
महागठबंधन की यह संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करीब 50 मिनट तक चली। इसमें आरजेडी, कांग्रेस, वीआईपी, सीपीआई, सीपीआई (एमएल), सीपीआई (एम) और हम पार्टी सहित सात दलों के 14 नेता शामिल हुए। सभी नेताओं ने एकजुट होकर कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एक है और बिहार के भविष्य को बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में तेजस्वी यादव और सभी नेताओं ने मंच से एक साथ नारा दिया — “अबकी बार बदलाव सरकार, बिहार में महागठबंधन सरकार।”
