बरेली : नीट (NEET) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने विशेष व्यवस्था की है। रेलवे प्रशासन ने 21 जून 2026 को कासगंज और रावतपुर के बीच परीक्षा विशेष सवारी ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 05320 कासगंज-रावतपुर परीक्षा विशेष सवारी गाड़ी 21 जून को सुबह 6:00 बजे कासगंज से रवाना होगी। यह ट्रेन गंजडुंडवारा, दरियावगंज,कायमगंज,फर्रुखाबाद,फतेहगढ़,गुरसहायगंज,कन्नौज,बिल्हौर,बर्राजपुर और मंधना स्टेशनों पर ठहराव करते हुए सुबह 11:05 बजे रावतपुर पहुंचेगी।
वापसी में चलेगी शाम को
वापसी में 05319 रावतपुर -कासगंज परीक्षा विशेष सवारी गाड़ी रावतपुर स्टेशन से शाम 7:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन रात 12:30 बजे कासगंज पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज और आसपास के क्षेत्रों के हजारों परीक्षार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। अभ्यर्थी समय से स्टेशन पहुंचकर अपनी यात्रा सुनिश्चित करें और इस विशेष सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं। रेलवे की यह पहल परीक्षा के दिन यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
