इंडस्ट्रियल टाउनशिप से लेकर महादेवपुरम योजना तक सभी बड़ी परियोजनाओं पर तैयारी तेज
बरेली : मुख्यमंत्री के संभावित बरेली दौरे से पहले बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। बीडीए की उपाध्यक्ष आईएएस सौम्या पांडेय ने अधिकारियों की टीम के साथ शहर की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जहां-जहां काम में कमी या देरी मिली,वहां मौके पर ही अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए। इंडस्ट्रियल टाउनशिप, महादेवपुरम आवासीय योजना, साइंस पार्क, रुद्र वनम पार्क और प्रधानमंत्री आवास योजना समेत कई परियोजनाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया।
इंडस्ट्रियल टाउनशिप को मिलेगी नई पहचान, गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी

उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने सबसे पहले प्रस्तावित इंडस्ट्रियल टाउनशिप का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि अधिग्रहण की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि टाउनशिप को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की संभावनाओं पर तेजी से काम किया जाए, ताकि बरेली में बड़े उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।
आवासीय योजनाओं पर फोकस, लाभार्थियों को जल्द मिलेगा घर

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने पात्र लोगों को जल्द आवंटन और कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा महादेवपुरम, ग्रेटर बरेली, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस आवासीय योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाया जाए तथा निर्माण में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर किया जाए।
साइंस पार्क, रुद्र वनम और स्कूल परियोजनाओं में देरी पर सख्ती
उपाध्यक्ष ने प्रस्तावित साइंस पार्क और बॉक्स विलेज परियोजना का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदारों को रोजाना मॉनिटरिंग कर समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कंपोजिट स्कूल का निरीक्षण करते हुए निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा की गई और जल्द से जल्द स्कूल शुरू कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। वहीं रुद्र वनम पार्क को नाथ नगरी की पहचान के अनुरूप भव्य और आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया गया।
नाला, वाटर टैंक और एसटीपी का भी निरीक्षण
बीसलपुर रोड पर बन रहे नाले,ग्रेटर बरेली के ओवरहेड वाटर टैंक और निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का भी निरीक्षण किया गया। धीमी प्रगति पर संबंधित ठेकेदारों को चेतावनी दी गई और तय समय से पहले गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही एसटीपी से तैयार होने वाले ट्रीटेड पानी का उपयोग हरित क्षेत्रों, सिंचाई और अन्य जनहित कार्यों में करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री की विकास सोच के अनुरूप सभी परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया।
