ईदगाह से दिया भाईचारे का पैगाम, कहा-सेवइयां खाओ, गले मिलो
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में ईद-उल-फितर के मौके पर लोगों को मुबारकबाद देते हुए कहा कि भारत की पहचान आपसी भाईचारे और एकता में है।उन्होंने कहा- “हम वह लोग हैं जो भाईचारा चाहते हैं… अमन-चैन होगा तो देश तरक्की करेगा।”उन्होंने होली और ईद का जिक्र करते हुए कहा कि यही हिंदुस्तानियत है, जहां लोग मिलकर त्योहार मनाते हैं।“कुछ दिन पहले होली में गुजिया बांटी, आज ईद पर गले मिल रहे हैं।”
भाजपा राज में कानून व्यवस्था खत्म-अखिलेश का बड़ा आरोप

सपा प्रमुख ने कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि काशी जैसे शहरों में भी खुलेआम गोलीबारी हो रही है।“पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था नहीं बची है। पुलिस -प्रशासन से राजनीतिक काम लिया जा रहा है।”उन्होंने भ्रष्टाचार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि“भाजपा राज में बिना पैसे कोई फाइल आगे नहीं बढ़ती।”
2027 चुनाव का बिगुल-भाजपा का अब कुछ नहीं चलेगा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया।“2027 में बड़ी शपथ होने जा रही है….भाजपा का अब कुछ चलने वाला नहीं है।”उन्होंने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण पर भरोसा जताते हुए कहा कि “PDA के साथ समाजवादी पार्टी भाजपा को हराने जा रही है।”
CBI, प्रशासन और चुनाव पर भी उठाए सवाल

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनावी निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा भाजपा पर आरोप लगाया कि अधिकारियों को “सेट” कर चुनाव प्रभावित किए जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “भाजपा षड्यंत्रकारी पार्टी है, जहां मौका मिलता है तनाव पैदा करती है।” ममता बनर्जी के समर्थन में बोले- अकेले भी जीत जाएंगी। पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने ममता बनर्जी का समर्थन किया। “ममता बनर्जी जी अकेले भी लड़ेंगी तो जीत जाएंगी… वह सबका मुकाबला कर रही हैं।”
युद्ध और देश की भूमिका पर भी बयान
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने वैश्विक हालात पर टिप्पणी करते हुए कहा- “समाजवादी सोच के लोग युद्ध के पक्ष में नहीं हैं… भारत चाहता तो दुनिया में शांति की बड़ी भूमिका निभा सकता था।”
बाटी-चोखा विवाद और धार्मिक मुद्दों पर हमला
उन्होंने लखनऊ में कथित “बाटी -चोखा दावत” विवाद का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा-“चोटी पकड़कर खींचा गया… कितना अपमान हुआ।” इसके साथ ही गंगा सफाई और धार्मिक स्थलों को लेकर भी सवाल उठाए।
