बरेली: जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची (Special Revision) को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। समीक्षा में सामने आया कि कई बूथों पर E-F Digitization की प्रगति बेहद कम-3% से भी नीचे है।
कम प्रगति वाले बूथों पर सख्त निर्देश
DM ने स्पष्ट कहा कि जिन सुपरवाइजर और बीएलओ ने काम में लापरवाही दिखाई है, उनके खिलाफ अब कठोर कार्रवाई होगी। सभी अधिकारियों को रोजाना कम से कम 100 फॉर्म फीड कराने का लक्ष्य तय किया गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी समय पर काम पूरा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई तय है।
अधिकारियों को फील्ड में जाकर निगरानी करने के आदेश
DM ने सभी उच्च अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे खुद फील्ड में जाकर सुपरवाइजर और बीएलओ के काम का निरीक्षण करें। इससे काम की रफ्तार बढ़ेगी और गड़बड़ियों पर तुरंत नियंत्रण किया जा सकेगा।
नगर निगम व सींचपाल कर्मचारियों पर भी सवाल
बैठक में कई AERO ने बताया कि नगर निगम और सींचपाल विभाग के पर्यवेक्षकों ने काम में लापरवाही दिखाई है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और तुरंत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बीएलओ पर FIR: आदेशों की अनदेखी का मामला
सबसे बड़ी कार्रवाई विधानसभा क्षेत्र 125 कैंट के बूथ संख्या 199 के बीएलओ विवेक सौरभ पर हुई। आरोप है कि उन्होंने बार-बार निर्देशों के बाद भी काम नहीं किया और आयोग के आदेशों को नजरअंदाज किया। उनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 और IPC की धारा 188 के तहत FIR दर्ज कराई गई है।
