बरेली: बरेली पुलिस ने एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में लाखों रुपये की स्मैक बरामद की गई है और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना बारादरी क्षेत्र में 26 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
थाना बारादरी पुलिस टीम ने पीलीभीत बाईपास रोड के किनारे से एक शातिर युवक को 26 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान निवासी जगतपुर मोहन तालाब, थाना बारादरी, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने एक साथी के साथ स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा था, लेकिन पुलिस को देखकर उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी सलमान ने बताया कि वह यह स्मैक फतेहगंज पश्चिमी से खरीदकर लाया था और बरेली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूम-घूमकर बेचता था। आरोपी पहले भी कई बार स्मैक की तस्करी कर चुका है। बरामदगी के आधार पर थाना बारादरी में धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
थाना बहेड़ी क्षेत्र में 100 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर दबोचा
वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना बहेड़ी पुलिस ने जंगल ग्राम गरीबपुरा से आंखा जाने वाले रास्ते पर गश्त के दौरान एक युवक को 100 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहरुद्दीन, निवासी ग्राम भौना फार्म, थाना बहेड़ी, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।
नशे का कारोबार करने की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में आरोपी मेहरुद्दीन ने स्वीकार किया कि वह स्मैक बेचकर पैसे कमाता था और इसी से अपना जीवन यापन करता था। बरामदगी के आधार पर थाना बहेड़ी में आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
